Wed. May 13th, 2026

अखिलेश यादव के घर पसरा मातम! मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का अचानक निधन

IMG 20260513 085733 | Rashtra Samarpan News
Oplus_131072

लखनऊ, 13 मई: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सौतेले भाई तथा सपा संस्थापक स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के लखनऊ में अचानक निधन हो गया। उनके निधन से यादव परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्रतीक यादव को स्वास्थ्य संबंधी समस्या के चलते बुधवार सुबह करीब 5:45 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। शव पर कोई बाहरी चोट के निशान नहीं दिखे। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के डॉक्टरों की टीम पोस्टमॉर्टम कर कारण का पता लगाएगी।

प्रतीक यादव मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र थे। वे अखिलेश यादव के सौतेले भाई थे। प्रतीक यादव राजनीति से दूरी बनाए रखते थे और जिम चलाने तथा रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे।

प्रतीक यादव भाजपा नेता और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के पति थे। दोनों की शादी 2011 में हुई थी और उनकी एक बेटी है। कुछ महीने पहले प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पर अपनी पत्नी अपर्णा यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए तलाक की घोषणा की थी, लेकिन बाद में दोनों में सुलह हो गई थी।

अखिलेश यादव सहित पूरे यादव परिवार पर यह दूसरा बड़ा सदमा है। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद परिवार पहले ही कई चुनौतियों का सामना कर रहा था।

प्रतीक यादव के निधन की खबर मिलते ही सपा, भाजपा और अन्य दलों के नेताओं ने शोक संवेदना व्यक्त की है। अखिलेश यादव ने परिवार के साथ शोक में डूबे हुए हैं। अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही है।

प्रतीक यादव का अचानक निधन पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके निधन के सही कारण का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

Related Post

error: Content is protected !!