रामगढ़, 04 नवंबर: शहर में बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। ताजा मामला रामगढ़ महाविद्यालय के पीछे स्थित शिवपुरी कॉलोनी का है, जहां चोर ने घर के बाहर खड़ी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में रेनकोट पहने एक संदिग्ध व्यक्ति महज कुछ मिनटों में बाइक लेकर फरार होता दिखाई दे रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी निवासी संजय कुमार प्रभाकर ने रामगढ़ थाना में आवेदन देकर बाइक चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई कृष्णा प्रभाकर शिवपुरी कॉलोनी में ओल्ड एनएचएआई कार्यालय के समीप मणी महतो के मकान में किराए पर रहते हैं। 31 अक्टूबर की शाम करीब पांच बजे उन्होंने अपनी पैशन प्रो बाइक (जेएच 24डी 9829) मकान के बाहर खड़ी की थी और कमरे में चले गए थे। करीब दो घंटे बाद शाम सात बजे जब वे बाहर निकले तो बाइक गायब थी।
इसके बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की गई। फुटेज में शाम करीब 6:29 बजे रेनकोट पहने एक अज्ञात व्यक्ति बाइक के पास पहुंचता दिखाई दिया। संदिग्ध ने कुछ ही देर में बाइक स्टार्ट की और टायर मोड़ की दिशा में फरार हो गया।
इधर, रामगढ़ थाना पुलिस ने कांड संख्या 298/26 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने और चोरी गई बाइक बरामद करने में जुटी है।

