पटना,25 नवंबर: महापर्व छठ और बिहार की महिलाओं की धार्मिक परंपराओं को लेकर अश्लील एवं आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले स्टैंडअप कॉमेडियन यश माहेश्वरी ने आखिरकार माफी मांग ली है। सोशल मीडिया पर विवादित वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रिया और विरोध का सामना कर रहे यश ने वीडियो जारी कर अपनी गलती स्वीकार की और भविष्य में ऐसी टिप्पणी नहीं करने का भरोसा दिया।
दरअसल, यश माहेश्वरी ने अपने एक स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान बिहार की महिलाओं द्वारा छठ पूजा के अवसर पर नाक से माथे तक लगाए जाने वाले लंबे सिंदूर को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उनकी इस टिप्पणी को बिहार की महिलाओं के सम्मान, छठ महापर्व की आस्था और धार्मिक परंपराओं का अपमान माना गया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली।
विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने बिहार की संस्कृति को लेकर एक वीडियो बनाया था, लेकिन उन्हें इस तरह की टिप्पणी नहीं करनी चाहिए थी। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए बिहार की महिलाओं और लोगों से माफी मांगी। साथ ही कहा कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी और आगे से इस तरह का कंटेंट बनाने में पूरी सावधानी रखेंगे।
इस मामले में भाजपा नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता ऋतु जायसवाल ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कॉमेडियन के खिलाफ बिहार के सभी जिलों में एफआईआर दर्ज करने की मांग की थी। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की आस्था और अस्मिता के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि अगली छठ में कॉमेडियन को बिहार आकर महापर्व की महानता और आस्था को समझना चाहिए।
वहीं, सोशल मीडिया पर भी लोगों ने कॉमेडी के नाम पर धार्मिक आस्था, महिलाओं के सम्मान और सांस्कृतिक परंपराओं के खिलाफ की जाने वाली टिप्पणियों पर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी की धार्मिक भावनाओं और सांस्कृतिक पहचान का अपमान उचित नहीं है।

