Fri. Nov 20th, 2026

सिदो-कान्हू स्टेडियम में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन, खिलाड़ियों ने बिखेरा प्रतिभा का जलवा

IMG 20261120 WA0001 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 20 नवंबर: युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से सिदो-कान्हू स्टेडियम, रामगढ़ में गुरुवार क विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) तथा भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत किया गया। प्रतियोगिताओं में बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला खेल पदाधिकारी संजीत कुमार, जिला युवा अधिकारी रूद्र शेखर एवं भारतीय खेल प्राधिकरण रांची की कमलेश ठिकाना ने किया। मौके पर अधिकारियों ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास के साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। कमलेश ठिकाना ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि नशा जीवन और भविष्य दोनों को नुकसान पहुंचाता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा खेल गतिविधियों में लगानी चाहिए।

आयोजित प्रतियोगिताओं में बालक वर्ग के लिए वॉलीबॉल, 400 मीटर दौड़ एवं गोला फेंक तथा बालिका वर्ग के लिए वॉलीबॉल, 200 मीटर दौड़ एवं लंबी कूद को शामिल किया गया था। सभी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच बेहतर प्रदर्शन को लेकर उत्साह देखने को मिला।

प्रतियोगिता के परिणाम में बालिका लंबी कूद में पायल कुमारी ने पहला, खुशी कुमारी ने दूसरा और रिया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 200 मीटर दौड़ में खुशी कुमारी प्रथम, पायल कुमारी द्वितीय एवं रिया कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ में करण रजवार ने बाजी मारी, जबकि नितेश यादव दूसरे और देवांशु कुमार तीसरे स्थान पर रहे। गोला फेंक में अंकित सिंह प्रथम, सानू जायसवाल द्वितीय तथा सत्येंद्र कुमार तृतीय रहे। बालिका वॉलीबॉल में पोचरा राइजिंग क्लब-ए ने प्रथम एवं राइजिंग क्लब-बी ने द्वितीय स्थान हासिल किया। सफल प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

माय भारत रामगढ़ के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। इससे शारीरिक क्षमता के साथ-साथ टीम भावना, अनुशासन और नेतृत्व कौशल का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की।

आयोजन को सफल बनाने में अंजू कुमारी एवं विकास सुधांशु का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं कार्यक्रम के समन्वय में नितेश कुमार मोदी सक्रिय रहे। इसके अलावा सिकंदर पांडे, मोनू कुमार, स्मृति भारद्वाज, मनीष पृथ्वि, सुधीर कुमार, धीरज कुमार, अनुराग कुमार एवं महेश कुमार ने भी सराहनीय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के जरिए युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।

Related Post

error: Content is protected !!