रामगढ़, 21 नवंबर: युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत रामगढ़ की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत जिला स्तरीय विकसित भारत चैलेंज ट्रैक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम समाहरणालय स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सभाकक्ष में संपन्न हुआ। इसमें चयनित प्रतिभागियों ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए।
यह आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत किया गया। प्रतियोगिता के प्रतिभागियों ने इससे पहले प्रश्नोत्तरी और लेख प्रतियोगिता के चरणों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया था। जिला स्तरीय चरण में युवाओं ने सतत औद्योगीकरण, नवाचार और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों पर अपने दृष्टिकोण रखे।
जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य जिले के युवाओं को विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ना और उन्हें देश के विकास से संबंधित विषयों पर सोचने तथा अपने सुझाव रखने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि माय भारत रामगढ़ अधिक से अधिक युवाओं को इस पहल से जोड़कर विकसित भारत @2047 के संकल्प में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
मेरा युवा भारत के युवा कार्यकर्ता नितेश कुमार मोदी ने कहा कि विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग युवाओं को नीति निर्माण, सामाजिक बदलाव और नवाचार के क्षेत्र में अपनी भूमिका निभाने का अवसर देता है। ऐसे आयोजन युवाओं को नेतृत्व के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण साबित होंगे।
प्रतियोगिता के परिणाम में अनिका भगतिया ने प्रथम, अनीशा कुमारी ने द्वितीय तथा मोबसरीन खान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा जया कुमारी चौथे, विक्की कुमार पांचवें और अजय कुमार महतो छठे स्थान पर रहे। सफल प्रतिभागियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रामगढ़ जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
निर्णायक मंडल में डॉ. संजय सिंह, डॉ. संगीता बारला और डॉ. सुरेंद्र यादव शामिल थे। उन्होंने युवाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के मंच प्रतिभाओं को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं।
कार्यक्रम में युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। मौके पर माय भारत के महेश कुमार, समीर कुमार और रानी कश्यप सहित अन्य उपस्थित थे।

