Thu. May 14th, 2026

रामगढ़ पुलिस की नई पहल ‘प्रहरी’ शुरू, अपराध नियंत्रण और सुरक्षा पर रहेगा विशेष फोकस

IMG 20260514 WA0005 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 14 मई: रामगढ़ पुलिस ने जिले में अपराध नियंत्रण, छेड़खानी पर रोक, अड्डेबाजी खत्म करने, यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने तथा आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष अभियान “प्रहरी” की शुरुआत की है। इस पहल की शुरुआत बुधवार को पुलिस अधीक्षक रामगढ़ के निर्देश पर की गई।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार “प्रहरी” अभियान को तीन भागों में विभाजित किया गया है, जिसमें पैदल गश्ती, अड्डेबाजी के विरुद्ध अभियान तथा एंटी क्राइम चेकिंग शामिल है।

अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में सप्ताह में कम से कम दो दिन पुलिस पदाधिकारी और जवान निर्धारित मार्गों पर पैदल गश्ती करेंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाना, अवैध पार्किंग हटाना, अड्डेबाजी खत्म करना और बाजार व स्कूल-कॉलेज क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यता बढ़ाना है।

पुलिस ने अपराध, ट्रैफिक समस्या और आम लोगों के सुझावों के आधार पर जिले में अब तक 76 संवेदनशील मार्गों का चयन किया है। आवश्यकता पड़ने पर नगर परिषद, छावनी परिषद और अन्य विभागों का सहयोग भी लिया जाएगा।

रामगढ़ जिला पुलिस ने नशीले पदार्थों के सेवन और खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के लिए जिले में 114 अड्डेबाजी स्थलों की पहचान की है। इन स्थानों को पांच अलग-अलग क्लस्टर में बांटकर छापेमारी टीमों का गठन किया गया है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अड्डेबाजी में शामिल असामाजिक तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर गुंडा पंजी में नाम दर्ज किया जाएगा। आम लोग भी अड्डेबाजी की सूचना पुलिस के व्हाट्सएप नंबर 9262998529 पर दे सकते हैं।

सड़क सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रैश ड्राइविंग पर लगाम लगाने के लिए जिले के 69 स्थानों पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। पुलिस ने इन स्थानों को A, B और C तीन प्लान में बांटा है। तय समय के अनुसार प्रतिदिन कम से कम तीन बार वाहन जांच अभियान चलाया जाएगा।

रामगढ़ पुलिस ने आम लोगों से “प्रहरी” अभियान में सहयोग करने और बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि जनता की सहभागिता से ही जिले में सुरक्षित और बेहतर माहौल बनाया जा सकता है।

Related Post

error: Content is protected !!