रामगढ़, 06 जुलाई: बारलौंग में 25 जून को हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से सोमवार को रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि एवं युवा भाजपा नेता राजीव जायसवाल ने मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। इस दौरान सांसद मनीष जायसवाल की ओर से श्राद्ध कर्म के लिए आवश्यक खाद्य सामग्री भी भेंट की गई।
गौरतलब है कि बारलौंग में हुए हृदयविदारक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई थी। इनमें छह मृतक चितरपुर प्रखंड की मारंगमर्चा पंचायत के निवासी थे। सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर राजीव जायसवाल पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे और उनकी पीड़ा साझा की।
इस मौके पर राजीव जायसवाल ने कहा कि बारलौंग की दुर्घटना पूरे रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए बेहद दुखद है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके दुख की भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा रहना मानवता और सामाजिक दायित्व है। सांसद मनीष जायसवाल के निर्देशानुसार भाजपा कार्यकर्ता हर कदम पर पीड़ित परिवारों के साथ हैं और भविष्य में भी हरसंभव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।
प्रतिनिधिमंडल ने दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोकाकुल परिवारों को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
इस अवसर पर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर चौधरी, चितरपुर मंडल सांसद प्रतिनिधि अर्जुन वर्मा, भाजपा नेता सुबीन तिवारी, राहुल पासवान, मूंगालाल महतो, उपमुखिया मीरा देवी, डब्लू साव, उत्तम कुमार, मुन्ना करमाली सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

