रामगढ़, 06 जुलाई: जिला शांति समिति के सदस्यों एवं समाजसेवियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को उपायुक्त से शिष्टाचार मुलाकात कर जिले की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास से जुड़े अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने जनहित से जुड़े मामलों के शीघ्र समाधान की मांग करते हुए प्रशासन को कई महत्वपूर्ण सुझाव भी सौंपे।
बैठक में सबसे प्रमुख रूप से चुटूपालू घाटी में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा उठाया गया। प्रतिनिधिमंडल ने दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक एवं स्थायी सुरक्षा उपाय, बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन, पर्याप्त चेतावनी संकेतक तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने पटेल चौक से नया मोड़ (कुज्जू) तक जर्जर सड़क की जल्द मरम्मत कराने का भी आग्रह किया। सदस्यों ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण प्रतिदिन हजारों लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
इसके अलावा जिले में बढ़ती नशाखोरी पर रोक लगाने, रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार, शहर में बढ़ती सड़क जाम की समस्या के समाधान तथा सुभाष चौक के सौंदर्यीकरण जैसे मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन से ठोस पहल करने का अनुरोध किया।
प्रतिनिधिमंडल ने हाल के सभी धार्मिक एवं सामाजिक पर्व-त्योहारों के दौरान प्रशासन, पुलिस और आमजन के सहयोग से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन और समाज के समन्वित प्रयासों से रामगढ़ में सामाजिक सौहार्द और विकास को नई गति मिलेगी।
उपायुक्त ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में धनंजय कुमार पुटूस, आशिफ इकबाल, शेखर पटवा, राजेश ठाकुर, ग्यास खान, बन्नी गांधी, अजमल हुसैन, गुलज़ार अंसारी, अजय कुमार एवं अमर बोदरा उपस्थित थे।

