रामगढ़, 05 जुलाई: भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) धनंजय कुमार पुटूस का 41वां जनता दरबार रविवार को आरबीएसएस (RBSS) कार्यालय में आयोजित किया गया। जनता दरबार में रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और सुझावों के साथ पहुंचे।
जनता दरबार के दौरान भूमि, बिजली, पेयजल, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेंशन, राशन कार्ड समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। धनंजय कुमार पुटूस ने प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों से संपर्क कर मामलों के शीघ्र निष्पादन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि जनता दरबार केवल शिकायतें सुनने का मंच नहीं, बल्कि जनता और जनप्रतिनिधि के बीच विश्वास एवं संवाद का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और वे हमेशा जनता के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्रत्येक नागरिक की समस्या उनके लिए महत्वपूर्ण है तथा जनसेवा का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और उसी विश्वास के साथ वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण से क्षेत्र के विकास और जनहित के कार्यों में लगे रहेंगे।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं को गंभीरता से सुने जाने और त्वरित पहल किए जाने पर धनंजय कुमार पुटूस के प्रति आभार व्यक्त किया।

