भव्य शोभायात्रा के बाद विकास नगर डैम में हुआ प्रतिमा विसर्जन, जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र
रामगढ़, 21 अक्टूबर: रामगढ़ के विकास नगर स्थित श्री श्री नवदुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर नौ दिनों तक श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। नवरात्र के नौवें दिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पूजा समिति की ओर से श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया गया। शाम को हवन के साथ नवरात्र का समापन हुआ।
विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को मां दुर्गा की प्रतिमा को नम आंखों से विदाई दी गई। इस दौरान महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। मां दुर्गा की जयकारों के बीच भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो विकास नगर, बजरंगबली चौक, गणिनाथ चौक, जरा टोला और मध्य विद्यालय चौक सहित विभिन्न मार्गों से गुजरी। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। इसके बाद शाम को विकास नगर डैम में मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
मंदिर समिति के प्रवक्ता सुरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि श्री श्री नवदुर्गा मंदिर रामगढ़ जिले में विशेष धार्मिक महत्व रखता है। यहां दूर-दराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने आते हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु मां के दरबार में अपनी मनोकामनाएं लेकर पहुंचते हैं। मंदिर परिसर में मां दुर्गा के अलावा नागेश्वर नाथ महादेव, भगवान लक्ष्मी-नारायण और बजरंगबली के मंदिर भी स्थापित हैं, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना की जाती है।
पूजा एवं विसर्जन कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति के अध्यक्ष रविकांत कुशवाहा, कार्यकारी अध्यक्ष सदन सिंह रावत, सचिव हरेंद्र राय, कोषाध्यक्ष अमरेंद्र सिंह, उपकोषाध्यक्ष विनोद सिंह, प्रेस इंचार्ज सुरेंद्र शर्मा, अरविंद सिंह, गिरधारी महतो, नवल शर्मा, चंद्रशेखर सिंह, प्रभु पासवान, अशोक यादव, अनुज पांडेय, मुन्ना रजक, श्याम किशोर, अमित सिंह, विकास कुशवाहा, आयुष राज, रणजीत सिंह, तरुण कुशवाहा, प्रदीप वर्मा, धांजू महतो, सुमित चौहान, संजय कुमार, विकास शर्मा, विशाल कुमार, गगन चौधरी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।

