रामगढ़, 17 अक्टूबर: रामगढ़ के कैथा स्थित शहनाई बैंक्वेट हॉल में डांडिया नाइट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया। आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लेकर सांस्कृतिक उत्सव का आनंद लिया।
इस अवसर पर राजीव जायसवाल ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं। डांडिया जैसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में प्रेम, भाईचारे, आपसी सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि रामगढ़ में इस तरह के आयोजन स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करते हैं। युवाओं की सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। उन्होंने आयोजन समिति को सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में समाजसेवी रमेश दांगी, विशाल मोबाइल के संचालक विशाल कुमार, शहनाई बैंक्वेट हॉल के मालिक नरेश कुशवाहा, आयोजक नीतीश कुमार, प्रदीप कुमार, राजू दांगी, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर सोनी कुमारी एवं सरस्वती कुमारी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।
डांडिया नाइट का आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने लोगों को सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का अवसर प्रदान किया।

