रामगढ़, 29 नवंबर: युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को सरस्वती विद्या मंदिर, रजरप्पा में ‘संडे ऑन साइकिल’ के 100वें संस्करण का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, रामगढ़ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में साइकिलिंग और शारीरिक व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम की विशेष थीम ‘भारत के ओलंपिक सपने की ओर बढ़ते कदम’ थी। इसके माध्यम से युवाओं को खेलों से जुड़ने, नियमित व्यायाम करने और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत की बेहतर भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि संघ के सह जिला कार्यवाह अमित मिश्रा ने कहा कि देश की प्रगति में स्वस्थ और ऊर्जावान युवाओं की अहम भूमिका होती है। खेलकूद और फिटनेस को प्रत्येक व्यक्ति की दिनचर्या का हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही स्वस्थ और सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
विद्यालय के प्राचार्य उमेश प्रसाद ने साइकिलिंग के फायदों पर चर्चा करते हुए कहा कि इससे शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। इस तरह के आयोजन युवाओं में सकारात्मक सोच, अनुशासन और खेल भावना विकसित करने में सहायक हैं।
मेरा युवा भारत के राष्ट्रीय युवा संघटक नितेश कुमार मोदी ने युवाओं को समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए नशे से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और क्षमता का इस्तेमाल व्यक्तिगत उन्नति के साथ देश को गौरवान्वित करने में करना चाहिए।
आयोजन के समापन पर कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। मौके पर आशुतोष कुमार सहित अन्य लोग मौजूद थे।

