रांची, 22 मई: विश्व हिंदू परिषद की प्रांत मातृशक्ति, प्रांत सामाजिक समरसता, प्रांत कार्यकारिणी एवं रांची महानगर कार्यकर्ताओं की दो दिवसीय बैठक बुधवार को शक्ति आश्रम में संपन्न हुई। बैठक में संगठनात्मक विषयों के साथ विभिन्न आयामों के कार्यों एवं आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक में मुख्य रूप से विहिप के केंद्रीय संगठन सहमहामंत्री विनायक राव देशपांडे उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 24 से 31 मई तक चतरा में वार्षिक दुर्गा वाहिनी प्रशिक्षण वर्ग, 30 मई से 10 जून तक बोकारो में परिषद शिक्षा वर्ग तथा 2 से 10 जून तक बोकारो में बजरंग दल शौर्य प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किया जाएगा। वहीं 20 से 23 अगस्त तक मातृशक्ति प्रशिक्षण वर्ग भी आयोजित होगा। इसके अलावा 1 अक्टूबर 2026 को पूज्य अशोक सिंघल की जन्म शताब्दी एवं संत रविदास की 650वीं जयंती प्रखंड स्तर तक मनाने का निर्णय लिया गया। जून, जुलाई और अगस्त में तीन दिवसीय जिला अभ्यास वर्गों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने की योजना भी बनाई गई।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विनायक राव देशपांडे ने कहा कि समाज के सभी घटकों के साथ संपर्क, संबंध, सेवा एवं संतों के प्रवास के माध्यम से समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में कुटुंब व्यवस्था में कई प्रकार की त्रुटियां उत्पन्न हो रही हैं, जिससे पारिवारिक संस्कार प्रभावित हो रहे हैं। इसके समाधान के लिए गांव और मोहल्लों में साप्ताहिक संस्कार केंद्र चलाने की आवश्यकता है।
उन्होंने गौसंरक्षण के क्षेत्र में गौशाला संपर्क, पंचगव्य औषधि एवं वस्तु निर्माण, भारतीय नस्ल के गोपालन, जैविक खेती तथा किसान प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही महिलाओं के कौशल विकास के लिए सिलाई एवं मेहंदी प्रशिक्षण तथा युवाओं के लिए कंप्यूटर शिक्षा जैसे कौशल विकास कार्यक्रमों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
बैठक में क्षेत्र मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू, क्षेत्र संगठन मंत्री आनंद जी, प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत, उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, महावीर नायक, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

