नई दिल्ली, 11 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारत मंडपम में आयोजित एनडीए नेताओं की बैठक के दौरान बंगाल के लोकप्रिय व्यंजन झालमुड़ी का स्वाद लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा सहित कई सहयोगी दलों के नेता मौजूद रहे। बैठक का यह अनौपचारिक और सौहार्दपूर्ण क्षण सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसका वीडियो साझा करते हुए लिखा कि उन्होंने एनडीए साथियों के साथ झालमुड़ी का आनंद लिया। वीडियो में नेताओं के बीच आत्मीय बातचीत और सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला।
जानकारी के अनुसार, बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और एनडीए के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस अवसर पर नेताओं ने प्रधानमंत्री मोदी को लगातार सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर बधाई भी दी।
झालमुड़ी, जो पश्चिम बंगाल का प्रसिद्ध स्ट्रीट फूड है, हाल के दिनों में राजनीतिक चर्चाओं का भी हिस्सा रही है। भारत मंडपम में इसका परोसा जाना सांस्कृतिक विविधता और एनडीए की एकजुटता के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।

