हजारों बोतलें, स्प्रिट, फर्जी लेबल और वाहन जब्त
रामगढ़। गोला थाना क्षेत्र के ऊपर खखरा टोला, पत्थलगढ़ा में पुलिस ने अवैध विदेशी शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में तैयार शराब, स्प्रिट, नकली होलोग्राम, स्टीकर, खाली बोतलें, कैप और वाहन बरामद किए गए।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि गोला थाना इलाके के एक बंद मकान में नकली विदेशी शराब तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ रामगढ़ चन्दन वत्स के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज मुर्मू (26 वर्ष), निवासी ऊपर खखरा टोला पत्थलगढ़ा तथा भदरू सिंह (42 वर्ष), निवासी चोपादारू, थाना गोला के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तीन अलग-अलग घरों में छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में अवैध शराब और शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी नकली लेबल और फर्जी होलोग्राम लगाकर विभिन्न ब्रांडों के नाम से शराब तैयार कर उसकी तस्करी करते थे।
इस संबंध में गोला थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
बरामद सामग्री
- विभिन्न ब्रांड की लगभग 250 पेटी विदेशी शराब
- करीब 1800 लीटर तैयार शराब
- लगभग 1600 लीटर स्प्रिट
- करीब 20 हजार खाली शराब की बोतलें
- लगभग 40 हजार फर्जी लेबल और स्टीकर
- विभिन्न कंपनियों के कैप और कार्टन
- शराब भरने के उपकरण और ड्रम
- एक पिकअप वाहन एवं दो मोटरसाइकिल
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
अभियान में एसडीपीओ चन्दन वत्स, पुलिस निरीक्षक पंकज कुमार, रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्णा कुमार, गोला थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सहित गोला, बरलंगा और रजरप्पा थाना के कई पुलिस अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।

