रामगढ़। प्रेस क्लब रामगढ़ परिसर में टाटा स्टील के झारखंड जोन के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन हेड राजेश रंजन एवं वेस्ट बोकारो डिवीजन के कॉरपोरेट विभाग की एरिया मैनेजर कैंथिया (Canthiya) के साथ प्रेस क्लब रामगढ़ की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रेस क्लब के अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद ने की, जबकि संचालन कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम ने किया।
बैठक के बाद टाटा स्टील के अधिकारियों ने प्रेस क्लब परिसर का निरीक्षण कर भवन की वर्तमान स्थिति, आधारभूत संरचना और पत्रकारों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान प्रेस क्लब की ओर से भवन के नवीनीकरण, आधुनिकीकरण एवं मरम्मत के साथ-साथ अलग प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल और अतिरिक्त कमरों के निर्माण का मांग-पत्र प्रबंधन को सौंपा गया।
बैठक में पत्रकारों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, कार्यालय संबंधी सुविधाएं, बिजली एवं अन्य आवश्यक आधारभूत संसाधनों के विकास पर भी चर्चा हुई। प्रेस क्लब को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर पत्रकारों के लिए बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने की आवश्यकता से टाटा स्टील प्रबंधन को अवगत कराया गया।
पत्रकारों के लिए मेडिकल सुविधा की मांग
बैठक में प्रेस क्लब से जुड़े पत्रकारों की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रेस क्लब की ओर से टाटा स्टील द्वारा संचालित अस्पताल में क्लब के सदस्यों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग का आग्रह किया गया। साथ ही स्वास्थ्य सहायता तथा सीएसआर के माध्यम से पत्रकारों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सहयोग की मांग भी रखी गई।
प्रेस क्लब अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद ने कहा कि पत्रकारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों को देखते हुए टाटा स्टील अस्पताल में क्लब के सदस्यों के लिए मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने का विषय प्रमुखता से रखा गया है। उन्होंने कहा कि प्रबंधन की ओर से इस दिशा में सकारात्मक पहल का आश्वासन मिला है।
जल्द होगा प्रेस क्लब भवन के विकास का आकलन
प्रेस क्लब के सचिव धर्मेंद्र पटेल ने कहा कि प्रेस क्लब भवन की मरम्मत, नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण को लेकर टाटा स्टील प्रबंधन की ओर से सकारात्मक रुख सामने आया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही भवन के कायाकल्प और आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास की दिशा में काम आगे बढ़ेगा।
बैठक में अधिकारियों की ओर से बताया गया कि जल्द ही वेस्ट बोकारो डिवीजन की एक दूसरी टीम प्रेस क्लब परिसर का दौरा कर इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास की संभावनाओं और आवश्यकताओं का विस्तृत जायजा लेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय की जाएगी।
प्रेस क्लब रामगढ़ की कार्यकारिणी ने टाटा स्टील के झारखंड जोन के कॉरपोरेट कम्युनिकेशन हेड राजेश रंजन एवं वेस्ट बोकारो डिवीजन के कॉरपोरेट विभाग की एरिया मैनेजर कैंथिया के प्रेस क्लब परिसर पहुंचने और पत्रकारों की समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुनने के लिए आभार जताया।
बैठक में टाटा स्टील की ओर से राजेश रंजन एवं कैंथिया के अलावा प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष धनेश्वर प्रसाद, सचिव धर्मेंद्र पटेल, कोषाध्यक्ष दुर्वेज आलम, उपाध्यक्ष प्रदीप राज ‘बबलू’, संयुक्त सचिव दिलीप सिंह, कार्यकारिणी सदस्य रितेश कश्यप, दीपक कुमार, कृष्ण कुमार, नीरज कुमार, सुरेंद्र सिंह भाटिया, अमित पाठक, विनोद कुमार सिंह, हीरा सिंह, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार ‘वीरू’, पूर्व कोषाध्यक्ष तरुण बागी, मुकेश सिंह, प्रमोद कुमार, मंसूर खान, प्रिंस वर्मा, अशफाक अहमद एवं पंकज पाठक सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

