रामगढ़, 01 अक्टूबर: आगामी नवरात्रि और गरबा कार्यक्रमों को लेकर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल की जिला स्तरीय बैठक बुधवार को रामगढ़ स्थित होटल ला मैरिटल में हुई। बैठक में विहिप प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका कीर्ति गौरव और विहिप जिला मंत्री छोटू वर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में गरबा आयोजनों में प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा और धार्मिक मर्यादा को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। विहिप जिला मंत्री छोटू वर्मा ने आयोजकों से गरबा स्थल में प्रवेश से पहले वैध फोटो पहचान पत्र अथवा आधिकारिक प्रवेश पास की जांच करने की मांग की। संगठन की ओर से गरबा कार्यक्रमों में केवल हिंदू प्रतिभागियों को प्रवेश देने की मांग भी रखी गई। साथ ही नवरात्रि के धार्मिक महत्व को देखते हुए प्रतिभागियों से तिलक लगाकर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की गई।
बजरंग दल जिला संयोजक महेंद्र ठाकुर ने गरबा कार्यक्रमों में कार्यरत कलाकारों, फोटोग्राफरों, वीडियोग्राफरों, लाइट-साउंड ऑपरेटरों, खानपान कर्मियों, पार्किंग कर्मचारियों और बाउंसरों का सत्यापन कराने की मांग की। महिलाओं की सुरक्षा को लेकर छेड़छाड़, अनुचित फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी और संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने की बात कही गई।
बैठक में आयोजकों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा गया कि किसी प्रकार के उल्लंघन की स्थिति में पुलिस-प्रशासन को सूचना दी जाए। कार्यकर्ताओं से भी कानून अपने हाथ में नहीं लेने की अपील की गई।
दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका कीर्ति गौरव ने कहा कि नवरात्रि आस्था और भक्ति का पर्व है। ऐसे में गरबा आयोजनों में धार्मिक मर्यादा के साथ सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि 8 अक्टूबर को रामगढ़ जिले में दुर्गा वाहिनी की ओर से भव्य पथ संचलन निकाला जाएगा।
मौके पर विहिप जिला सह मंत्री भागीरथ पोद्दार, सह मंत्री अमित कुमार, दुर्गा वाहिनी जिला संयोजिका अनामिका श्रीवास्तव, विनय शर्मा, अनिकेत कुमार, आशीष शर्मा, सनी महतो, डब्ल्यू साहू, रॉकी नायक, सनोज कुमार समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

