रामगढ़, 21 सितंबर: रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को कई विकास योजनाओं की शुरुआत की गई। रामगढ़ विधायक ममता देवी और जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने संयुक्त रूप से विभिन्न वार्डों में प्रस्तावित निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के अलावा बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
शिलान्यास के अंतर्गत बंजारी मंदिर के समीप रामगढ़-पतरातू मार्ग (एसएच-2) पर पुल के ऊपर स्टील गार्ड लगाने का कार्य किया जाएगा। वहीं वार्ड संख्या आठ के बिजुलिया तालाब रोड में दो अलग-अलग स्थानों पर पीसीसी सड़क का निर्माण होगा। वार्ड संख्या छह में टीचर्स कॉलोनी गली संख्या-1 से कुलदीप महतो के घर तक पीसीसी सड़क के साथ नाली का निर्माण प्रस्तावित है।
वार्ड संख्या एक में ओल्ड एनएच-33 से राम अवध यादव के आवास तक पीसीसी पथ, जबकि वार्ड संख्या दो के नयासराय करमाली टोला में पीपल पेड़ से ठाकुर मोहल्ला तक पीसीसी सड़क बनाई जाएगी। इसी वार्ड के गोलपार में सुरेंद्र झा के घर से देवाशीष सेन गुप्ता के घर तक पेवर ब्लॉक लगाया जाएगा। इसके अलावा सौदागर मोहल्ला में दुर्गा पिंडा से कपूर तल्ला चौक तक पीसीसी पथ का निर्माण कराया जाएगा।
इस मौके पर विधायक ममता देवी ने कहा कि क्षेत्र में सड़क और नाली जैसी आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा होगी और कई इलाकों की पुरानी समस्याओं का समाधान होगा।
राजीव जायसवाल ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर छावनी परिषद के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों की जरूरतों के अनुरूप योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की मांगों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों का चयन किया गया है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े कार्यों को गति देने का प्रयास जारी रहेगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिंह ‘बबला’, कैंट मंडल सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह, कैंट मंडल अध्यक्ष सुशांत पांडेय, विजय जायसवाल, रोबिन गुप्ता, सत्यजीत सिंह, अमित ठाकुर, कुणाल दास समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

