पटना, 13 जुलाई: बिहार में पर्यटन को नई ऊंचाई देने की दिशा में राज्य सरकार ने सोमवार को ‘बिहार हेली-टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना-2026’ की शुरुआत कर दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना में आयोजित समारोह में इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ किया। इसके साथ ही ऑनलाइन बुकिंग पोर्टल भी लॉन्च किया गया, जिससे पर्यटक घर बैठे हेलीकॉप्टर यात्रा की बुकिंग कर सकेंगे।
योजना के प्रथम चरण में पटना, वाल्मीकिनगर, राजगीर और कैमूर स्थित मां मुंडेश्वरी धाम को हेलीकॉप्टर सेवा से जोड़ा गया है। नियमित हेली सेवा 18 जुलाई से प्रत्येक शनिवार और रविवार संचालित होगी। सरकार का लक्ष्य भविष्य में इसे प्रतिदिन संचालित करना है।
राज्य सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए प्रति टिकट 15,422 रुपये तक की सब्सिडी दे रही है। वहीं, पटना में हेलीकॉप्टर की जॉय राइड का किराया 2,100 रुपये निर्धारित किया गया है, ताकि आम लोग भी हवाई पर्यटन का आनंद ले सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बिहार के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों तक पहुंच को आसान बनाना, पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है। सरकार का मानना है कि हेली-टूरिज्म सेवा से राज्य में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

