रामगढ़, 23 मई: नई सराय थाना क्षेत्र के अरगड्डा रोड स्थित दुर्गा मंडप के पीछे रहने वाली एक 25 वर्षीय महिला ने स्थानीय युवक पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। मामले में रामगढ़ थाना में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार 21 मई की सुबह करीब छह बजे पीड़िता अपनी पड़ोसी महिला के साथ शौच के लिए घर के पास जंगल की ओर गई थी। दोनों महिलाओं के घर में शौचालय नहीं होने के कारण वे जंगल जाती थीं। इसी दौरान स्थानीय युवक कमलेश यादव वहां पहुंचा और दोनों महिलाओं को पकड़ने की कोशिश करने लगा। आरोप है कि उसने एक महिला को पकड़कर जमीन पर पटक दिया और उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया।
घटना के दौरान दूसरी महिला किसी तरह वहां से भाग निकली। पीड़िता के अनुसार उसी समय शास्त्रीनगर नई सराय निवासी रोहित तिवारी बाइक से वहां से गुजर रहे थे। उन्होंने महिला को बचाने का प्रयास किया, जिस पर आरोपित ने चाकू से उन पर हमला कर दिया। हमले में रोहित तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए सीसीएल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनके हाथ में 16 टांके लगाए गए।
घटना के बाद दोनों महिलाएं शिकायत लेकर आरोपित के घर पहुंचीं। वहां आरोपित की मां समेत केबी यादव और सन्नी कुमार ने उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। दोनों महिलाओं ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। मारपीट में दोनों को चोटें भी आई हैं।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

