39वें जनता दरबार में सड़क, बिजली, पानी और साइबर फ्रॉड के मामलों पर हुई सुनवाई
रामगढ़, 24 मई: रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस द्वारा रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति (RBSS) कार्यालय में आयोजित 39वां जनता दरबार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। जनता दरबार में क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों एवं वार्डों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
जनता दरबार में मुख्य रूप से सड़क निर्माण एवं मरम्मती, नाली निर्माण, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, पेयजल, बिजली आपूर्ति तथा साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। कई लोगों ने ऑनलाइन ठगी और बैंक खातों से अवैध निकासी से संबंधित समस्याओं को विस्तारपूर्वक रखा।
इस अवसर पर धनंजय कुमार पुटूस ने सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने साइबर फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं पर चिंता जताते हुए लोगों से सतर्क और जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक, कॉल या ओटीपी को साझा करने से बचें तथा ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन और स्थानीय प्रशासन को सूचना दें।
धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि जनता दरबार केवल समस्याएं सुनने का मंच नहीं, बल्कि समाधान सुनिश्चित करने का माध्यम है। क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने और विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए वे निरंतर कार्य कर रहे हैं।
जनता दरबार में क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

