Tue. Sep 1st, 2026

JPSC-JSSC अभ्यर्थियों से कथित मारपीट के विरोध में 8 सितंबर को आजसू का प्रदर्शन

IMG 20260901 WA0010 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 01 सितंबर: JPSC एवं JSSC अभ्यर्थी मंच के शांतिपूर्ण पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान अभ्यर्थियों के साथ कथित मारपीट एवं कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न किए जाने के विरोध में आजसू पार्टी ने आंदोलन का निर्णय लिया है। मंगलवार को आजसू पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार दांगी ने की, जबकि संचालन जिला सचिव लालचंद महतो ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में मांडू विधायक तिवारी महतो उपस्थित रहे।

बैठक में विधायक तिवारी महतो ने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम की सूचना रामगढ़ उपायुक्त को पत्र के माध्यम से दी गई है। पत्र में अभ्यर्थियों के साथ कथित मारपीट और कार्यक्रम को बाधित किए जाने की घटना का उल्लेख करते हुए उचित कार्रवाई तथा सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की गई है।

जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार दांगी ने कहा कि जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाना छात्र-युवाओं का लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकार है। आजसू पार्टी छात्र-युवाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

उन्होंने बताया कि 4 सितंबर तक सभी प्रखंडों में प्रखंड कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। वहीं 7 सितंबर को बिजली ऑफिस में ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 8 सितंबर को रामगढ़ के सुभाष चौक पर पुतला दहन एवं शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा।

आजसू पार्टी ने प्रशासन से प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने की अपील की है, ताकि प्रदर्शन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हो सके।

बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश महतो, केंद्रीय कोषाध्यक्ष विमल बुधिया, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष ब्रह्मदेव महतो, केंद्रीय सदस्य हेमलाल महतो, मदन महतो, जिला परिषद सदस्य भोला तुरी, तपेश्वर महतो समेत विभिन्न प्रखंडों एवं नगर कमेटियों के पदाधिकारी और दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पार्टी ने कहा कि छात्र-युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए वह अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।

Related Post

error: Content is protected !!