Wed. Jul 15th, 2026

भाजपा ने पूर्व विधायक शंकर चौधरी के आरोपों को बताया निराधार, सांसद मनीष जायसवाल के विकास कार्य गिनाए

IMG 20260715 WA0002 scaled | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 15 जुलाई: माइंस रेस्क्यू स्थित सांसद सेवा कार्यालय में मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी नेताओं ने पूर्व विधायक शंकर चौधरी द्वारा सांसद मनीष जायसवाल पर लगाए गए आरोपों को निराधार, तथ्यहीन और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि जनता अब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, बल्कि विकास कार्य और जनसेवा देख रही है।

भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बबला ने कहा कि गिद्दी-दामोदर पुल निर्माण को लेकर श्रेय लेने की राजनीति की जा रही है, जबकि इस परियोजना को गति दिलाने के लिए सांसद मनीष जायसवाल ने कोल इंडिया, सीसीएल और संबंधित अधिकारियों से लगातार पहल की। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सांसद के दस वर्षों के कार्यकाल में इस दिशा में कोई ठोस प्रयास नहीं हुआ।

रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने कहा कि यदि जनता के हितों की चिंता है तो पूर्व सांसद के कार्यकाल में भुरकुंडा से केंद्रीय विद्यालय के स्थानांतरण, बरकाकाना से राजधानी एक्सप्रेस के डायवर्जन और चुट्टू पालू घाटी में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए किए गए प्रयासों पर भी सवाल उठने चाहिए। उन्होंने सांसद सामूहिक विवाह कार्यक्रम को गरीब, दिव्यांग और पिता विहीन बेटियों के सम्मानजनक विवाह के लिए चलाया जा रहा सामाजिक अभियान बताया।

भाजपा नेताओं ने सांसद सेवा कार्यालय के आवंटन को पूरी तरह नियमानुसार बताते हुए कहा कि इसका किराया नियमित रूप से जमा किया जाता है और इसका उद्देश्य रामगढ़ की जनता को स्थानीय स्तर पर सांसद से जुड़ी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

प्रेस वार्ता में नेताओं ने सांसद मनीष जायसवाल के प्रयासों से कोलकाता-वाराणसी एक्सप्रेसवे, कोडरमा-बरकाकाना रेल लाइन दोहरीकरण, सीआरआईएफ योजना के तहत सड़क चौड़ीकरण सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। साथ ही सांसद सामूहिक विवाह, खेल महोत्सव, तीर्थ दर्शन, श्राद्ध किट वितरण और अन्य जनसेवा अभियानों को उनकी कार्यशैली का हिस्सा बताया।

पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी ने कहा कि कोविड महामारी के दौरान मनीष जायसवाल ने जनता के बीच रहकर राशन, भोजन, ऑक्सीजन और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई थी। प्रेस वार्ता के अंत में भाजपा नेताओं ने कहा कि सांसद मनीष जायसवाल का जनसेवा और विकास का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता में जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी, पूर्व जिला महामंत्री विजय जायसवाल, सांसद मीडिया प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटुस, रामगढ़ कैंट मंडल सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह, भाजपा नेता रणजीत राम सहित कई भाजपा पदाधिकारी मौजूद थे।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!