Wed. Jul 1st, 2026

डॉक्टर्स डे पर श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में चिकित्सकों को नमन, विद्यार्थियों ने सीखी प्राथमिक उपचार की अहम तकनीकें

Screenshot 2026 07 01 16 32 06 94 c75e17524159248fca3fa78e53d1eea7 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 01 जुलाई: श्री गुरु नानक पब्लिक स्कूल में बुधवार को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे) हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ चिकित्सकों के उत्तम स्वास्थ्य तथा मानव सेवा की भावना के लिए विशेष प्रार्थना के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों को डॉक्टरों के अमूल्य योगदान और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के तहत कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों ने चिकित्सकों के सम्मान में आकर्षक शुभकामना कार्ड तैयार किए। इनमें से चयनित कार्ड सदर अस्पताल के चिकित्सकों को सम्मान एवं आभार स्वरूप भेंट करने के लिए भेजे गए।

डॉक्टर्स डे के अवसर पर कक्षा नौ एवं 11 के विद्यार्थियों के लिए जीवविज्ञान विभाग की ओर से विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को रक्तचाप (बीपी) मापने की विधि, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), जलने से होने वाले घाव का उपचार, विद्युत करंट लगने पर आवश्यक सहायता, साँप के काटने तथा कीड़े के डंक लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रारंभिक उपचार प्रक्रियाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इससे विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में सजग एवं सहायक बनने की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य हरजाप सिंह के मार्गदर्शन में जीवविज्ञान शिक्षक रामदास डे, रसायन विज्ञान शिक्षक संजय कुमार मिश्रा तथा जीवविज्ञान शिक्षिका नीतू सिंह के सहयोग से संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्राचार्य हरजाप सिंह ने कहा कि डॉक्टर मानवता की निस्वार्थ सेवा करने वाले सच्चे कर्मयोगी हैं। उनके समर्पण, सेवा भावना और त्याग के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त करना हम सभी का कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने चिकित्सकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें नमन किया।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!