रामगढ़, 24 मार्च: श्री श्री सार्वजनिक छठ पूजा समिति, बिजुलिया के तत्वावधान में चैती छठ महापर्व का भव्य शुभारंभ मंगलवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह युवा नेता राजीव जायसवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर फीता काटकर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष निक्कू सिंह ने की, जबकि मंच संचालन ओमप्रकाश केशरी ने किया। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर भक्ति भाव में सराबोर नजर आए।
अपने संबोधन में राजीव जायसवाल ने कहा कि चैती छठ महापर्व हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है। यह पर्व सूर्य देव और छठी मैया की आराधना का प्रतीक है, जिसमें स्वच्छता, संयम, त्याग और अनुशासन का विशेष महत्व होता है। उन्होंने कहा कि छठ पूजा समाज में एकता और भाईचारे को बढ़ावा देती है तथा प्रकृति और पर्यावरण के प्रति सम्मान की भावना जगाती है।
उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और सांस्कृतिक परंपराएं सुदृढ़ होती हैं। साथ ही उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे छठ पर्व को पूरी श्रद्धा, नियम और स्वच्छता के साथ मनाएं।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक आजाद सिंह, सचिव दीपक यादव, अजीत गुप्ता, महेंद्र पाल सिंह, छोटेलाल केशरी, गब्बर सिंह, उज्जवल सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। पूरे बिजुलिया क्षेत्र में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का माहौल देखने को मिला, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय हो गया।

