रामगढ़, 10 सितंबर: उज्जैन में राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन का राष्ट्रीय अधिवेशन एवं वार्षिक समारोह आयोजित किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से समाज के प्रतिनिधियों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिवेशन के दौरान संगठन के विस्तार, सामाजिक एकजुटता तथा समाज के शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया।
अधिवेशन में झारखंड के रामगढ़ निवासी नरेंद्र साहू उर्फ रवि साहू को संगठन में प्रदेश उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई जिम्मेदारी मिलने पर समाज के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी।
रामगढ़ लौटने पर राधा गोविंद शिक्षा स्वास्थ्य ट्रस्ट की ओर से नरेंद्र साहू का स्वागत एवं सम्मान किया गया। ट्रस्ट के चेयरमैन बी. एन. साह ने उन्हें सम्मानित करते हुए संगठन में मिली नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र साहू अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए समाज के हित में कार्य करेंगे और सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में योगदान देंगे। इस अवसर पर ट्रस्ट की सचिव प्रियंका कुमारी, संजीव कुमार, रवि कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। सभी ने नरेंद्र साहू को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान नरेंद्र साहू ने बी. एन. साह सहित उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। समाज के युवाओं को आगे बढ़ाने, सामाजिक एकजुटता मजबूत करने और समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करना उनकी प्राथमिकता होगी।

