रांची, 17 जून: झारखंड की राजधानी रांची में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रांतीय कार्यालय पर देर रात पेट्रोल बम से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, चुटिया थाना क्षेत्र स्थित संघ कार्यालय परिसर में बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने ज्वलनशील पदार्थ से भरी बोतलें फेंकीं। हालांकि बोतलें मुख्य भवन तक नहीं पहुंच सकीं और बाउंड्री वॉल के पास ही गिर गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को बुलाया है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान के लिए तकनीकी सेल और विशेष जांच टीम को लगाया गया है। घटना के बाद कार्यालय और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, भाजपा और संघ से जुड़े कई नेता भी घटनास्थल पर पहुंचे और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने घटना की निंदा करते हुए इसे गंभीर सुरक्षा चुनौती बताया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

