Thu. Jun 18th, 2026
FB IMG 1781768598210 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़/रांची, 18 जून: पर्यावरण संरक्षण और पॉलिथीन मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में चलाए जा रहे ‘सेल्फी विद झोला’ अभियान को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सराहनीय पहल बताया है। बुधवार को अभियान के संरक्षक उपेंद्र पांडेय के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने राजभवन में राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर अभियान की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी।

प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को बताया कि पिछले 13 वर्षों से पॉलिथीन मुक्त अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। ‘सेल्फी विद झोला’ मुहिम के जरिए आमजन को प्लास्टिक के स्थान पर कपड़े और अन्य पर्यावरण-अनुकूल थैलों के उपयोग के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार, पिछले तीन वर्षों में लगभग 45 हजार कपड़े के झोलों का निर्माण कर उन्हें स्कूली बच्चों के बीच वितरित किया गया है। साथ ही विद्यालयों में जाकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को प्लास्टिक के दुष्प्रभाव तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया जा रहा है। बच्चों को अपने परिवार और समाज में भी कपड़े के झोले के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

राज्यपाल ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित पर्यावरण के निर्माण में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने ‘सेल्फी विद झोला’ अभियान को प्रेरणादायक बताते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार पर बल दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग पॉलिथीन के उपयोग से बचें और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों में सहभागी बनें।

प्रतिनिधिमंडल में संतोष कुमार साहू, सतविंदर पांडे, मधुलिका, नेहा कुमारी, नीरज कुमार, अनु कुमारी और विद्या गुप्ता सहित अन्य सदस्य शामिल थे।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!