सांकी तक डबल लाइन, गोला स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव और सोनडीमरा हाल्ट के विकास समेत कई प्रस्ताव रखे
रामगढ़, 19 अगस्त: रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता एवं रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि राजीव जायसवाल ने रांची रेल मंडल के DRM से मुलाकात कर रामगढ़ जिले सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्री सुविधाओं में सुधार की मांग रखी। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर तकनीकी एवं व्यवहार्यता अध्ययन कर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने का आग्रह किया।
राजीव जायसवाल ने रांची से सांकी तथा रामगढ़ से मुरी तक रेल लाइन के दोहरीकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि डबल लाइन बनने से यात्री और मालगाड़ियों के परिचालन की क्षमता बढ़ेगी तथा भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
उन्होंने ट्रेन संख्या 18603/18604 रांची–गोड्डा एक्सप्रेस तथा 18621/18622 पाटलिपुत्र एक्सप्रेस को सप्ताह में एक दिन बरकाकाना, हजारीबाग, कोडरमा एवं मधुपुर होते हुए चलाने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा रांची–सांकी पैसेंजर ट्रेन का हजारीबाग तक विस्तार करने की मांग भी की।
गोला स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए जायसवाल ने कहा कि इससे गोला, चितरपुर, दुलमी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका लाभ मिलेगा और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने चितरपुर प्रखंड के बड़की पोना में काली मंदिर के समीप पोल संख्या 391/20 से 392/20 के बीच अंडरपास निर्माण तथा मारंगमरचा–सिकनी रोड पर रेलवे ओवर ब्रिज बनाने की मांग भी रखी। इन दोनों परियोजनाओं से स्थानीय लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई।
इसके साथ ही सोनडीमरा रेलवे हाल्ट के विकास की मांग करते हुए वहां यात्री शेड, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और बैठने जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया।
राजीव जायसवाल ने कहा कि रामगढ़ औद्योगिक, धार्मिक, पर्यटन और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यवसायियों, किसानों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि रांची रेल मंडल इन मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए आवश्यक प्रस्तावों को उच्च स्तर पर भेजेगा।
उन्होंने कहा कि रेल सुविधा केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, उद्योग, व्यापार और पर्यटन के विकास का महत्वपूर्ण आधार है। रामगढ़ और आसपास के क्षेत्रों को बेहतर रेल सुविधाओं से जोड़ने के लिए जनहित के मुद्दे लगातार रेलवे के समक्ष उठाए जाते रहेंगे।

