Tue. Aug 18th, 2026

बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के लिए झारखंड से 250 श्रद्धालु रवाना, हटिया स्टेशन से भगवा ध्वज दिखाकर जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुआ जत्था

IMG 20260818 WA0004 | Rashtra Samarpan News

रांची, 18 अगस्त। बजरंग दल झारखंड के आह्वान पर बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी की राष्ट्रीय साहसिक एवं धार्मिक यात्रा के लिए मंगलवार को झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 250 श्रद्धालुओं का जत्था हटिया रेलवे स्टेशन से जम्मू-कश्मीर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालुओं को भगवा ध्वज दिखाकर जम्मू-कश्मीर के भगवती नगर बेस कैंप के लिए रवाना किया गया।

यात्रा में रांची महानगर, रांची ग्रामीण, रामगढ़, बोकारो महानगर, गुमला, लोहरदगा, लातेहार, पलामू, गढ़वा, हजारीबाग और कोडरमा समेत 11 जिलों के श्रद्धालु शामिल हैं। हटिया स्टेशन पर आयोजित विदाई कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के पदाधिकारियों ने यात्रियों का स्वागत किया। करीब 250 शिवभक्तों को भगवा अंगवस्त्र प्रदान कर तिलक लगाया गया।

बजरंग दल झारखंड के प्रांत संयोजक सह यात्रा प्रमुख रंगनाथ महतो ने बताया कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी यात्रा वर्ष 2005 से आयोजित की जा रही है। श्रावण मास में देशभर से श्रद्धालु पुंछ जिले में स्थित बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इस वर्ष झारखंड से जाने वाले जत्थे में महिलाओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी है।

रंगनाथ महतो ने कहा कि यात्रा धार्मिक आस्था के साथ जम्मू-कश्मीर में सामाजिक और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश भी देती है। उनके अनुसार, ऐसी यात्राओं से देश के विभिन्न हिस्सों के लोगों के बीच संपर्क बढ़ता है तथा धार्मिक पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलता है।

उन्होंने कहा कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ चट्टानी जैसी यात्राएं धार्मिक आस्था के साथ राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक समरसता को मजबूत करती हैं। ऐसी यात्राएं विकसित भारत की आधारशिला रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

यात्रा में रंगनाथ महतो के अलावा मनोज चंद्रवंशी, कीर्ति गौरव, अमर प्रसाद, गंगा कुमारी, मुकेश सिंह, योगेश खेड़वाल, अनिल तिवारी, विश्वरंजन कुमार, संदीप गुप्ता और बिनोद विश्वकर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल हैं। श्रद्धालुओं को विदा करने के दौरान विहिप और बजरंग दल के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Post

error: Content is protected !!