रामगढ़, 29 जुलाई: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू की सहमति से भाजपा झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की नई सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, विशेष आमंत्रित सदस्य तथा स्थायी आमंत्रित सदस्यों के नाम शामिल किए गए हैं। इस सूची में रामगढ़ जिले के तीन वरिष्ठ नेताओं को प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में मनोनीत किया गया है।
रामगढ़ विधानसभा के पूर्व भाजपा प्रत्याशी कुंटू बाबू, भाजपा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य और जमीनी स्तर के कार्यकर्ता प्रो. संजय सिंह तथा पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर चौधरी को प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी संगठन में इन नेताओं की लंबे समय से सक्रिय भूमिका रही है और संगठनात्मक अनुभव को देखते हुए उन्हें यह दायित्व दिया गया है।
नई जिम्मेदारी मिलने पर रामगढ़ जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। कार्यकर्ताओं ने इसे जिले के लिए सम्मान बताते हुए कहा कि इन वरिष्ठ नेताओं के अनुभव का लाभ संगठन को मिलेगा तथा जिले में पार्टी और अधिक मजबूत होगी।
भाजपा की नई प्रदेश कार्यसमिति का गठन संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को गति देने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से किया गया है। प्रदेश नेतृत्व ने सभी नवमनोनीत पदाधिकारियों और सदस्यों से संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा जताई है।

