Tue. May 5th, 2026

नासिक की आईटी कंपनी में कथित उत्पीड़न मामले पर उठा विवाद, सुरक्षा ऑडिट की मांग को लेकर मंत्री को सौंपा ज्ञापन

IMG 20260505 WA0006 | Rashtra Samarpan News

रांची/नासिक, 05: महाराष्ट्र के नासिक स्थित एक प्रमुख आईटी कंपनी में महिला कर्मचारियों के साथ कथित उत्पीड़न के मामले को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इसी क्रम में हिंदू जनजागृति समिति ने मंगलवार को केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच तथा देशभर की कंपनियों में विशेष सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की है।

समिति के प्रतिनिधि शंभू गवारे ने मंत्री से मुलाकात कर आरोप लगाया कि संबंधित कंपनी में कुछ महिला कर्मचारियों के साथ यौन उत्पीड़न, धार्मिक दबाव और प्रताड़ना जैसी घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित एजेंसियों द्वारा अभी तक नहीं की गई है। प्रतिनिधिमंडल में विश्व हिंदू परिषद एवं समिति के अन्य सदस्य भी शामिल थे।

मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने प्रतिनिधियों की बात सुनते हुए मामले को गंभीरता से लेने और उचित स्तर पर विचार करने का आश्वासन दिया।

समिति ने अपने ज्ञापन में मांग की है कि इस प्रकरण की जांच केंद्रीय एजेंसियों से कराई जाए तथा देशभर की आईटी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में “विशेष सुरक्षा एवं धार्मिक भेदभाव विरोधी ऑडिट” लागू किया जाए। साथ ही दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।

उधर, प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि नासिक मामले में कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!