Sat. Oct 3rd, 2026

गांधी जयंती पर रामगढ़ में दौड़ी युवा शक्ति, 2493 से अधिक अभ्यर्थियों ने लगाई 1600 मीटर दौड़

IMG 20261003 080503 | Rashtra Samarpan News
Oplus_131072

रामगढ़, 03 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रामगढ़ फिटनेस एकेडमी की ओर से सिद्धू-कान्हू जिला मैदान में 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 2493 से अधिक अभ्यर्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया।

सुबह से ही जिला मैदान में युवाओं की भीड़ जुटने लगी थी। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को खेल और फिटनेस से जोड़ने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न शारीरिक दक्षता परीक्षाओं की तैयारी के लिए मंच उपलब्ध कराना था। बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी से मैदान में उत्साह का माहौल रहा।

कार्यक्रम में रामगढ़ जिला सांसद प्रतिनिधि सह रामगढ़ विधानसभा युवा नेता राजीव कुमार जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। रामगढ़ जिला कराटे एसोसिएशन के सचिव शशि कुमार पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राजीव जायसवाल ने कहा कि युवा शक्ति को खेल और फिटनेस से जोड़कर ही मजबूत रामगढ़ का निर्माण संभव है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देना सामूहिक जिम्मेदारी है। खेल और नियमित फिटनेस से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, संघर्ष क्षमता और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से नियमित अभ्यास करने और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से मेहनत करने का आह्वान किया।

महिला वर्ग में मोनिका कुमारी ने 6:04:32 के समय के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। सोनी कुमारी 6:10:70 के समय के साथ दूसरे और सुमन कुमारी 6:11:61 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

पुरुष वर्ग में छोटेलाल महतो (चेस्ट नंबर 577) ने 4:34:19 के समय के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। बिनोद करमाली (चेस्ट नंबर 109) 4:41:49 के समय के साथ दूसरे तथा लखेंद्र कुमार (चेस्ट नंबर 573) 4:46:67 के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन में रामगढ़ फिटनेस एकेडमी के कोच एवं संरक्षक सिकंदर पांडेय, शशि कुमार पांडेय, अंकित सिंह, अंकित अग्रवाल, सन्नी महतो, समीर अयुबी, नितेश मोदी और अमित ठाकुर समेत पूरी आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता को उपयोगी पहल बताते हुए कहा कि इससे उन्हें अपनी शारीरिक क्षमता और दौड़ की तैयारी का आकलन करने का अवसर मिला। गांधी जयंती पर आयोजित यह प्रतियोगिता रामगढ़ के युवाओं में खेल, फिटनेस और अनुशासन के प्रति बढ़ती रुचि का परिचायक बनी।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!