रामगढ़, 02 अक्टूबर: गिरिजा इंस्टीट्यूट ऑफ पॉलिटेक्निक में गुरुवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
इस अवसर पर साकेत सर एवं शुक्ला सर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और सादगी के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधीजी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के बीच भाषण प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें लक्ष्मी, रिमझिम, गौरी, सूर्य, सोनू एवं अमन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन, संघर्ष और उनके विचारों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में गांधीजी के आदर्शों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और स्वच्छता की भावना को मजबूत करना रहा।

