Wed. Jul 29th, 2026

श्री कृष्ण विद्या मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई गुरु पूर्णिमा, गुरु महिमा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

Screenshot 2026 07 29 15 45 28 00 c75e17524159248fca3fa78e53d1eea7 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 29 जुलाई: श्री कृष्ण विद्या मंदिर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक गुरु वंदना से हुई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गुरु के महत्व को रेखांकित करते हुए गीत, नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में बताया गया कि आषाढ़ मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला गुरु पूर्णिमा पर्व गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का दिन है। यह दिवस आदि गुरु महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है। महर्षि वेदव्यास ने महाभारत तथा पुराणों जैसे अमूल्य ग्रंथों की रचना कर मानव समाज को ज्ञान का अमूल्य उपहार दिया, इसलिए इस दिन को व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है।

विद्यालय की प्राचार्या गुरप्रीत कौर, विजय तिवारी, मुकेश पाठक, मनोरंजन चौधरी, उषा सिंह, शोभा कुमारी एवं मंजू शर्मा की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में शोभा कुमारी ने विद्यार्थियों को महर्षि वेदव्यास के जीवन, ज्ञान और उनके योगदान से अवगत कराया। कक्षा आठवीं की छात्राओं ने गुरु वंदना पर आधारित भावपूर्ण समूहगान प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा छह की छात्रा निवृति गुप्ता ने गुरु के महत्व को दर्शाते हुए मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी की सराहना प्राप्त की।

विद्यालय के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) एवं कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए महर्षि वेदव्यास के आदर्शों का अनुसरण करने तथा गुरुजनों के प्रति सदैव सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के सभी शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!