रामगढ़, 2 मार्च 2026: श्री कृष्ण विद्या मंदिर के परिसर में आज सोमवार को विद्यालय परिवार द्वारा होली मिलन समारोह बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। रंगों के त्योहार होली को बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाते हुए शिक्षक, शिक्षिकाएं, गैर-शिक्षण कर्मचारी और प्रबंध समिति के सदस्यों ने आपसी भाईचारे एवं प्रेम की भावना से रंग-गुलाल खेला।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्हें विद्यालय परिवार की ओर से “महामूर्खाधिराज” की उपाधि से नवाजा गया, जबकि उपाध्यक्ष बजरंगलाल अग्रवाल को “मूर्खाधिराज प्रथम” और सचिव विमल किशोर जाजू को “मूर्खाधिराज द्वितीय” की उपाधि प्रदान की गई। अतिथियों का स्वागत विभिन्न प्रकार की सब्जियों के गुलदस्ते और मालाओं से किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के कर-कमलों से गुलाल से भरी हांडी फोड़कर हुई, जिसके बाद सभी ने आपस में गुलाल लगाकर होली का आनंद लिया। समारोह में स्वादिष्ट खाद्य पदार्थों और पेय पदार्थों का वितरण किया गया तथा होली के गीतों पर सामूहिक नृत्य का आयोजन हुआ, जिसमें सभी ने जमकर हिस्सा लिया।
विद्यालय के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने समारोह को संबोधित करते हुए सभी उपस्थित शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार इसी प्रकार विभिन्न रंगों से सजा रहे तथा योग्य, अनुभवी एवं कर्मठ शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सकारात्मक सहयोग से बच्चों का भविष्य इंद्रधनुष की तरह सतरंगी बनकर समाज एवं देश में शोभायमान होता रहे।
यह होली मिलन समारोह न केवल त्योहार की खुशियां बांटने का माध्यम बना, बल्कि संस्था के सदस्यों के बीच एकता और सौहार्द की भावना को भी मजबूत किया।

