रामगढ़, 14 जून: रोशन पाथवे टू डिग्निटी फाउंडेशन, रामगढ़ द्वारा रविवार को पटेल छात्रावास में “मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें करियर संबंधी उचित मार्गदर्शन प्रदान करना था।
समारोह में रामगढ़ जिले के 50 से अधिक विद्यालयों के 500 से अधिक मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले भर के प्रधानाचार्य, शिक्षक, शिक्षाविद्, उद्योगपति, समाजसेवी एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गिरिडीह के सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “युवाओं का सही मार्गदर्शन ही उज्ज्वल भविष्य की नींव है। शिक्षा, कौशल और संकल्प के साथ युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।” उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि के रूप में युवा समाजसेवी पियूष चौधरी, आईपीएल फैक्ट्री गोला के प्रबंध निदेशक तथा बिहार फाउंड्री रामगढ़ के प्रबंध निदेशक उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार ने की। उन्होंने कहा कि संस्था शिक्षा और युवा सशक्तिकरण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
इस अवसर पर संस्था के सचिव राकेश कुमार, निदेशक डॉ. अशोक कुमार, करियर काउंसलर उदित कुमार, मनराखन महतो बी.एड. कॉलेज, रांची के प्राचार्य डॉ. डी. महतो तथा प्रशासिका मीना कुमारी ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और रोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं अभिभावक शामिल हुए। आयोजन को सफल बनाने में अनिल कुमार, नागेंद्र कुमार महतो, नागेंद्र कुमार, विश्वजीत कुमार, विवेक कुमार, दिवाकर कुमार, राकेश कुमार, पुष्पा कुमारी, ममता कुमारी, नवकुमार महतो, सुरेंद्र महतो, विशाल सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने ऐसे आयोजनों को विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

