रामगढ़, 30 रामगढ़ छावनी परिषद क्षेत्र में चल रहे जनगणना एवं सर्वेक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए सांसद प्रतिनिधि (मीडिया) एवं छावनी परिषद रामगढ़ के स्वच्छता प्रहरी धनंजय कुमार पुटूस ने नागरिकों से पूर्ण सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि कुछ स्थानों पर लोग विभिन्न आशंकाओं और गलतफहमियों के कारण जनगणना कर्मियों को जानकारी देने से हिचकिचा रहे हैं, जबकि यह अभियान क्षेत्र के विकास और सरकारी अभिलेखों को अद्यतन करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
धनंजय कुमार पुटूस ने स्पष्ट किया कि यह सर्वेक्षण किसी नए कर (टैक्स) को लागू करने या मौजूदा करों में वृद्धि करने के उद्देश्य से नहीं किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र की वास्तविक आवश्यकताओं का आकलन कर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से तैयार करना है। उन्होंने बताया कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं बनाई जाती हैं।
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब अधिकृत जनगणना कर्मी उनके घर पहुंचें तो उन्हें सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराएं और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि किसी नागरिक को सर्वेक्षण कर्मियों की पहचान को लेकर संदेह हो तो वे उनका परिचय पत्र अवश्य देख सकते हैं।
धनंजय पुटूस ने कहा कि जनगणना अभियान को सफल बनाना प्रत्येक जागरूक नागरिक की जिम्मेदारी है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही रामगढ़ का सुनियोजित एवं समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।

