Tue. Nov 24th, 2026

MMDR कानून और SIR पर विशेष सत्र बुलाने को लेकर हेमंत सरकार पर बरसे पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास

Raghuvar Das | Rashtra Samarpan News

रांची, 24 नवंबर: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सोरेन सरकार की ओर से MMDR कानून और SIR के मुद्दे पर विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुलाए जाने पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि संसद के दोनों सदनों से पारित, राष्ट्रपति की मंजूरी और अधिसूचना के बाद लागू हो चुके कानून में राज्य विधानसभा हस्तक्षेप नहीं कर सकती। विधानसभा लोकतंत्र का मंदिर है, इसे ओछी राजनीति का अड्डा नहीं बनाया जाना चाहिए।

रघुवर दास ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार MMDR कानून का विरोध इसलिए कर रही है, क्योंकि इससे राज्य में चल रहे अवैध कोयला और लौह अयस्क के कारोबार पर असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कानून लागू होने के बावजूद सरकार अलग से टैक्स के रूप में राशि वसूल रही है। इससे झारखंड का कोयला और लौह अयस्क महंगा होगा, निवेश प्रभावित होगा तथा रोजगार के अवसर घटेंगे। इसका असर राज्य के राजस्व और विकास पर भी पड़ेगा।

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सवाल किया कि क्या MMDR कानून केवल झारखंड के लिए बनाया गया है? जिन राज्यों में खनन नहीं होता, वहां भी जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित होती हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार को संवैधानिक प्रावधानों का सम्मान करना चाहिए।

पूर्व मुख्यमंत्री ने शराब नीति को लेकर भी राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि शराब और सूदखोरी के खिलाफ आंदोलन से जन्मी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार ने शराब पर टैक्स घटा दिया और दुकानों को रात 11 बजे तक खोलने की छूट दे दी है। उनके अनुसार, शराब पर टैक्स बढ़ाकर राजस्व में वृद्धि की जा सकती थी, लेकिन सरकार युवाओं और आने वाली पीढ़ी के भविष्य को नुकसान पहुंचा रही है।

SIR के मुद्दे पर रघुवर दास ने JMM-कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ गठबंधन के प्रतिनिधि SIR की समय-सीमा बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ इस प्रक्रिया का विरोध भी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल जनता के बीच भ्रम फैला रहे हैं और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं।

रघुवर दास ने कहा कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के लिए न तो संविधान के प्रावधानों का महत्व रह गया है और न ही दिशोम गुरु शिबू सोरेन की विचारधारा का सम्मान। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या झारखंड भारतीय संघीय गणराज्य का हिस्सा नहीं है और क्या राज्य में केंद्र सरकार द्वारा पारित कानूनों का कोई महत्व नहीं रह गया है?

उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से इन सवालों का जवाब झारखंड और देश की जनता को देने की मांग की।

Related Post

error: Content is protected !!