Tue. Jul 28th, 2026

नशा मुक्त विकसित भारत के लिए युवाओं ने लिया संकल्प, जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा

Screenshot 2026 07 28 20 06 40 56 99c04817c0de5652397fc8b56c3b3817 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 28 जुलाई: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत), रामगढ़ के तत्वावधान में सोमवार को राधा गोविंद सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल में ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान’ के तहत जिला स्तरीय जागरूकता एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वार्ड संख्या-7 के पार्षद अविनाश उपाध्याय एवं हजारीबाग के जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां भारती एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।

मुख्य अतिथि अविनाश उपाध्याय ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। यदि यह शक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाए तो व्यक्ति के साथ-साथ परिवार और समाज भी कमजोर हो जाता है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, खेल, कौशल, सेवा और संस्कारों को अपनाकर नशामुक्त जीवन जीने का आह्वान किया।

जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने कहा कि जब युवा अपनी ऊर्जा संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्य एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में लगाते हैं, तो वे स्वतः ही नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहते हैं। वहीं, माय भारत के रामगढ़ युवा प्रतिनिधि नितेश कुमार मोदी ने कहा कि जागरूक युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान युवाओं को कला एवं संस्कृति के माध्यम से सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास है।

कार्यक्रम के दौरान नृत्य, समूह गीत, नुक्कड़ नाटक, कविता पाठ, रील निर्माण, भाषण, स्लोगन लेखन एवं स्लोगन प्रस्तुति सहित कुल आठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागी अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं प्रतिभागियों को मेडल और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्त भारत की शपथ लेते हुए अपने जीवन में किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा समाज में नशा मुक्ति का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का संचालन तेजवंत तरुण एवं महेश कुमार ने किया। इस अवसर पर डॉ. संजय सिंह, डॉ. ताराशंकर अग्रवाल, महेंद्र सिंह, अनंत ज्ञान, आनंद रौशन, वैभव शर्मा, प्रो. पिंकी कुमारी, संजय अग्रवाल, स्नेहिल, राम देबनाथ, आदर्श पाठक सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!