Thu. May 28th, 2026

भाजपा प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन वरिष्ठ नेताओं ने भरा जोश, समापन सत्र में अर्जुन मुंडा ने दिया जीत का मंत्र

IMG 20260528 WA0015 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़, 28 मई: भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के तहत आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का दूसरा दिन वैचारिक ऊर्जा, संगठनात्मक मार्गदर्शन और कार्यकर्ताओं के उत्साह से भरपूर रहा। कार्यक्रम में झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने पर बल दिया।

दूसरे दिन आयोजित विभिन्न सत्रों में प्रदेश एवं जिला स्तर के अनुभवी नेताओं ने संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सामाजिक समरसता, राष्ट्रवाद, जनसंपर्क अभियान तथा भाजपा की विचारधारा जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। वरिष्ठ नेता डॉ. रविन्द्र कुमार राय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ कार्य करने वाला संगठन है, जिसकी सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।

वक्ताओं ने कहा कि कार्यकर्ताओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” केवल नारा नहीं, बल्कि संगठन की कार्यशैली और विचारधारा का आधार है।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने, डिजिटल युग में कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क की नई रणनीतियों तथा सामाजिक सहभागिता बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं से आह्वान किया गया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझें और समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। सत्र में डॉ. यदुनाथ पांडेय, दिलीप कुमार वर्मा, महादेव दुबे, प्रेम मित्तल, रजनीश पांडेय और कुणाल दास ने बतौर वक्ता अपने विचार रखे।

समापन सत्र का मुख्य आकर्षण झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की उपस्थिति रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करता है। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी विचारधारा, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता में निहित है।

अर्जुन मुंडा ने आगामी ग्राम पंचायत चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देते हुए कहा कि स्थानीय मुद्दों को लेकर मुखर होने पर ही जनता के बीच मजबूत पैठ बनाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जीत के बाद भाजपा जनता की आवाज बनकर उभरेगी। साथ ही उन्होंने बंगाल चुनाव और गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत की रणनीतियों का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की नीतियों एवं सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने तथा सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के बीच सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो, वर्गाधिकारी रंधीर चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बावला ने किया।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!