Tue. Feb 10th, 2026

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बिहार विधानसभा पहुंचे, सदन में लगा जोरदार स्वागत; ‘भारत माता की जय’ के नारे गूंजे

IMG 20260210 WA0005 | Rashtra Samarpan News

पटना, 10 फरवरी 2026: भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष और पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से पांच बार के विधायक नितिन नवीन मंगलवार को बजट सत्र के दौरान बिहार विधानसभा में अचानक पहुंचे। यह उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद सदन में पहली उपस्थिति थी, जिसने एनडीए खेमे में जबरदस्त उत्साह भर दिया।

नितिन नवीन बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी के साथ सदन में प्रवेश करते ही विधायकों ने खड़े होकर उनका अभिनंदन किया। पूरा सदन ‘भारत माता की जय’ और कुछ स्थानों पर ‘जय श्री राम’ के नारों से गूंज उठा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने भी उनका स्वागत करते हुए नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी और कहा कि यह हर्ष का विषय है कि बिहार का बेटा पार्टी के सर्वोच्च पद पर पहुंचा है।

एनडीए के विधायकों ने उन्हें घेरकर बधाई दी, जबकि उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य प्रमुख नेताओं ने भी उनका जोरदार स्वागत किया। नितिन नवीन ने विधायक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया और कहा कि वे सदन में सक्रिय रहेंगे।

यह घटना बजट सत्र के बीच हुई, जहां सत्तापक्ष में नई ऊर्जा दिखी। हालांकि, कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर विपक्ष ने हंगामा किया और बाद में वॉकआउट भी कर दिया।

नितिन नवीन, जो जनवरी 2026 में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए थे, इससे पहले बिहार सरकार में सड़क निर्माण मंत्री रह चुके हैं। उनकी यह उपस्थिति बिहार की राजनीति में बीजेपी की मजबूती और स्थानीय नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमोट करने का संकेत मानी जा रही है। सोशल मीडिया पर इसकी वीडियो और तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!