Fri. Nov 27th, 2026

युवा संवाद में संविधान के अधिकारों के साथ कर्तव्यों का कराया गया बोध

Screenshot 2026 11 26 19 11 32 08 c75e17524159248fca3fa78e53d1eea7 | Rashtra Samarpan News

रामगढ़,26 नवंबर: संविधान दिवस के अवसर पर राधा गोविंद विश्वविद्यालय में मेरा युवा भारत, रामगढ़ की ओर से संगोष्ठी सह युवा संवाद का आयोजन किया गया। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं को संविधान की महत्ता, लोकतांत्रिक मूल्यों और विकसित भारत के निर्माण में उनकी भूमिका से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. संजय सिंह और युवा आइकन शशि शेखर सिंह शामिल हुए। विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति देकर कार्यक्रम की शुरुआत को यादगार बनाया।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. संजय सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ उसके कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। लोकतंत्र में असहमति और विरोध की स्वतंत्रता महत्वपूर्ण है, लेकिन इसका उपयोग सामाजिक एकता और संवैधानिक संस्थाओं को नुकसान पहुंचाने के लिए नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए संवैधानिक मर्यादाओं का पालन जरूरी है।

युवा आइकन शशि शेखर सिंह ने कहा कि देश की प्रगति और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं को संविधान की प्रस्तावना में वर्णित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को व्यवहार में अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान को केवल चर्चा और राजनीतिक विमर्श तक सीमित रखने के बजाय उसे अपने दैनिक जीवन और आचरण में शामिल करना होगा। उन्होंने बस्तर और सुकमा जैसे क्षेत्रों में युवाओं के बीच आ रहे सकारात्मक बदलावों और उनकी नई पहचान के बारे में भी विस्तार से बताया।

माय भारत के युवा एम्बेसडर नितेश कुमार मोदी ने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना हर युवा का दायित्व है। संविधान किसी एक दल या विचारधारा की धरोहर नहीं, बल्कि पूरे देश का साझा विश्वास है। उन्होंने युवाओं से संविधान के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन पर विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं को धैर्य, अनुशासन और संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. (डॉ.) निर्मल कुमार मंडल, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) अशोक कुमार, अनुराग कुमार, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा सैकड़ों की संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संविधान के प्रति जागरूक होने और जिम्मेदार नागरिक के रूप में देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।

Related Post

एक नजर इधर भी

error: Content is protected !!