रामगढ़, 13 अगस्त: रामगढ़ विधानसभा के युवा नेता राजीव जायसवाल ने राज्यपाल संतोष गंगवार से मुलाकात कर जिले की वर्षों से लंबित और अधूरी जनहितकारी योजनाओं को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर विशेष रूप से हुप्पू-केनके स्थित सरकारी महिला इंजीनियरिंग कॉलेज में नियमित शैक्षणिक सत्र शुरू कराने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।
राजीव जायसवाल ने बताया कि गोला प्रखंड के हुप्पू-केनके में करीब 104.37 करोड़ रुपये की लागत से 16.80 एकड़ भूमि पर राज्य के प्रथम सरकारी महिला इंजीनियरिंग कॉलेज का निर्माण कराया गया है। वर्ष 2016 में इसका शिलान्यास हुआ था और 17 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑनलाइन इसका उद्घाटन किया था। परिसर में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक भवन, छात्रावास, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय, कंप्यूटर सेंटर, स्मार्ट क्लासरूम और खेल मैदान जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके बावजूद नियमित शैक्षणिक गतिविधियां शुरू नहीं होने पर उन्होंने चिंता जताई।
उन्होंने गांधी स्मारक प्लस टू उच्च विद्यालय, रामगढ़ में वर्ष 2010 से अधूरे पड़े अतिरिक्त भवन का निर्माण पूरा कराने तथा निर्माण में कथित अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की। वहीं बुजुर्ग जमीरा में करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का काम लगभग एक वर्ष से बंद रहने का मामला भी उठाया।
ज्ञापन में बरकाकाना प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मियों और आवश्यक संसाधनों से लैस कर नियमित रूप से संचालित कराने तथा पतरातू बस्ती स्थित नवनिर्मित आईटीआई में जल्द शैक्षणिक सत्र शुरू कराने की मांग भी शामिल रही।
राजीव जायसवाल ने कहा कि जनता के पैसे से बनी योजनाओं का लाभ जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने लंबित योजनाओं की समीक्षा, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और वित्तीय अनियमितताओं की जांच के साथ दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई तथा सभी परियोजनाओं के लिए समयसीमा तय करने की मांग की।
इस अवसर पर गोला मंडल सांसद प्रतिनिधि प्रीतम झा, सूरज कुमार, सूरज कुमार वर्मा, रमेश दांगी और अमरनाथ महतो मौजूद थे।

