रामगढ़, 13 अप्रैल: नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 26, कैथा स्थित श्री श्री कैथा महादेव मंडल मंदिर निर्माण समिति द्वारा आयोजित पांच दिवसीय रुद्र प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। कार्यक्रम के पहले दिन करीब 1100 महिलाओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ कलश यात्रा में भाग लेकर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा कैथा महादेव मंडल मंदिर से प्रारंभ होकर रामगढ़ थाना चौक स्थित गांधी घाट (दामोदर नदी) पहुंची, जहां श्रद्धालुओं ने विधिवत जल भरकर चट्टी बाजार एवं बाजार टांड होते हुए पुनः यज्ञ स्थल तक वापसी की। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति गीतों और जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में रामगढ़ विधानसभा की पूर्व विधायक सुनीता चौधरी उपस्थित रहीं। उन्होंने गांधी घाट पर अपने हाथों से कलश में जल भरकर यात्रा का शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि कैथा ग्राम में बाबा केदारनाथ धाम की तर्ज पर बन रहा यह भव्य मंदिर पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने मंदिर निर्माण एवं यज्ञ आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिया।
कार्यक्रम में मुख्य जजमान के रूप में सुदर्शन महतो अपनी पत्नी मुक्ति रानी एवं राजेश कुमार महतो अपनी पत्नी सुनिता भारती के साथ उपस्थित रहे। वहीं सहयोगी जजमान के रूप में छात्रधारी महतो (पत्नी मोनिका देवी), चुन्नीलाल महतो, कैलाश महतो (पत्नी वर्षा देवी), कुलदीप महतो (पत्नी दीपिका कुमारी), देवलाल महतो (पत्नी तपेश्वरी देवी), जोगेंद्र ओहदार, बोहरन (पत्नी मंजरी देवी), सरवन कुमार (पत्नी धनेश्वरी देवी) सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर समिति के सचिव राजकुमार महतो, कोषाध्यक्ष सह वार्ड पार्षद देवधारी महतो, संरक्षक मुकेश महतो, राधा महतो, सचिन महतो, माधव करमाली, संजय करमाली, संदीप महतो, अजय आस्था सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
पांच दिवसीय इस महायज्ञ के आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं उत्साह का वातावरण व्याप्त है।

