रामगढ़, 16 फरवरी: रामगढ़ महाविद्यालय में विभागों द्वारा आईडी कार्ड के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली किए जाने के आरोप लगे हैं। छात्र नेता नितेश कुमार मोदी और आदित्य सिंह ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए महाविद्यालय प्रशासन पर सवाल उठाए हैं।
छात्रों का आरोप है कि नामांकन के समय ही आईडी कार्ड का शुल्क लिया जाता है, इसके बावजूद विभिन्न विभागों द्वारा अतिरिक्त पैसा वसूला जा रहा है। नितेश कुमार मोदी ने बताया कि पिछले वर्ष भी ऐसी घटनाओं पर छात्रों ने उनके नेतृत्व में एक दिवसीय धरना दिया था, जिसमें सुरक्षा के लिए कैमरा लगाने की मांग पूरी हुई, लेकिन महाविद्यालय में मूलभूत सुविधाओं जैसे शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय आदि की कमी बनी हुई है।
छात्र नेताओं ने कहा कि महाविद्यालय प्रशासन की नाकामी के कारण यहां किसी भी प्रकार के आयोजन या प्रयोजन को टोका-टाकी कर मना किया जाता है। इस साल पहली बार महाविद्यालय में सरस्वती पूजा का आयोजन नहीं हुआ। आदित्य सिंह ने बताया कि परीक्षा के समय छोड़कर महाविद्यालय में ज्यादातर समय सन्नाटा पसरा रहता है, जो रामगढ़ जिले और झारखंड राज्य के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा छात्रवृत्ति प्रदान नहीं किए जाने के बावजूद छात्रों से डराकर-धमकाकर वसूली की जा रही है, जो बेहद चिंताजनक है। शिक्षक समय पर नहीं आते और दोपहर होते-होते कैंपस छोड़ देते हैं।
छात्र नेताओं ने रामगढ़ महाविद्यालय की प्राचार्या से अवैध वसूली रोकने और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। यदि ऐसा नहीं हुआ तो छात्र महाविद्यालय के विरुद्ध आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
ज्ञापन सौंपने में छात्र नेता तान्या मिर्धा, चित्रा मिर्धा, प्रताप सिंह, नितेश मोदी, आदित्य सिंह, आकाश कुमार और आदित्य कश्यप उपस्थित रहे। यह मामला महाविद्यालय में सुविधाओं की कमी और प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है, जिस पर जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।

